संभल। हाथरस के परचून व्यापारियों को निशाना बनाने वाले संभल के ठग ने एक और परचून व्यापारी को निशाना बनाया है। 1.10 लाख रुपये का परचून का सामान दूसरी गाड़ी में भरकर भेज दिया और भुगतान के लिए रात भर व्यापारी के वाहन चालक को चक्कर लगवाता रहा। जब फोन बंद कर लिया तो वाहन चालक ने परचून व्यापारी को घटना की जानकारी दी। संभल पहुंचे परचून के व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हाथरस निवासी योगेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को संभल निवासी मोहम्मद रफी नाम के व्यक्ति ने फोन किया और परचून का सामान भेजने की बात कही। जिसके बाद मोहम्मद रफी नाम बताने वाले व्यक्ति के बताए गए आर्डर को लिख लिया और रात को टाटा मैजिक में सामान भरकर संभल के सरायतरीन के लिए भेज दिया। बताया कि रात को तीन बजे करीब मोहम्मद रफी ने सरायतरीन से पहले चंदौसी चौराहे पर चालक को बुलाया। इसके बाद एक व्यक्ति माल से भरी गाड़ी में सवार होकर हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी रेलवे क्रॉसिंग पर ले गया। वहां माल उतारकर दूसरी गाड़ी में भर दिया। भुगतान के लिए चंदौसी चौराहे पर जाने के लिए चालक से कहा। वाहन चालक चंदौसी चौराहे पर पहुंचा तो कुछ देर में आने की बात कही। ऐसे ही टाल मटोल करता रहा और बाद में फोन बंद कर लिया। व्यापारी का कहना है कि अब जानकारी में आया है कि मोहम्मद रफी नाम का व्यक्ति हाथरस के कई व्यापारियों को निशाना बना चुका है। कई लाख रुपये का माल लेकर उड़ा है। हर बार नए व्यापारी को निशाना बनाता है। पुलिस ने चंदौसी चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे देखे हैं। इनमें दो लोगों की सीसीटीवी फुटेज भी निकाली गई हैं। जिससे आरोपियों को पकड़ा जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। जांच की जा रही है।