गुन्नौर। बबराला कस्बे के एक मोहल्ले में घर में घुसकर भाई के तीन दोस्तों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
कस्बा बबराला के एक मोहल्ला निवासी महिला ने गुन्नौर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। थाना गुन्नौर के गांव बिजुआ नंगला निवासी प्रमोद उसके भाई का दोस्त है। आरोपी प्रमोद भाई के साथ घर आता जाता था। जुनावई क्षेत्र के गांव सिहोरा निवासी विजय यादव और महिला के पड़ोस में रहने वाले सुधीर शर्मा की प्रमोद से दोस्ती है। आरोप है कि एक दिन तीनों आरोपी महिला के घर गए और उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद विजय यादव ने उसके मोबाइल पर अश्लील मैसेज व वीडियो भेजने शुरू कर दिए।
आरोप है कि 22 मई की रात करीब दस बजे आरोपी प्रमोद महिला के घर आ गया। इसके बाद उसके दोस्त विजय यादव, सुधीर शर्मा छत के रास्ते घर में घुस आए और सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले में पीड़ित महिला ने थाना गुन्नौर में तीनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी प्रमोद, विजय यादव व सुधीर शर्मा के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महिला ने तीन लोगों पर घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
आलोक कुमार सिद्धू, सीओ गुन्नौर।