चंदौसी (संभल)। शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत शनिवार को रेलवे स्टेशन पर चिह्नित दुकान ध्वस्त की गईं। साथ ही फव्वारा चौक पर भाजपा नेता की दुकान को भी खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा नेता ने दुकान बचाने के लिए डीएम से आधे घंटे तक वातार्त की। उनकी दुकान को लेकर प्रशासन पर अंगुलियां भी उठ रही हैं।
चंदौसी में बीते कई दिनों तक पालिका ने शहर को जाम और जलभराव से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें नाले के ऊपर बनी पालिका की दर्जनों दुकान ध्वस्त की गईं। इसके अलावा घरों के आगे स्लैब, पक्के निर्माण आदि भी तोड़े गए। हाईवे किनारे से भी अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटवाया गया है। शनिवार को अभियान के तहत फव्वारा चौक स्थित भाजपा नेता की दुकान को भी खाली करने के निर्देश दिए गए। भाजपा नेता सुधीर मल्होत्रा ने उपचुनाव संपन्न होने तक की मोहलत मांगी थी। शनिवार को भाजपा नेता ने कोतवाली में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया से दुकान न तोड़े जाने को लेकर गुहार लगाई। उन्होंने तमाम तर्क भी दिए। करीब आधे घंटे तक डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और भाजपा नेता के बीच कोतवाली में अलग कमरे में बातचीत हुई। इसके बाद भाजपा नेता वापस लौट गए। डिप्टी कलक्टर विनय मिश्रा ने कहा कि भाजपा नेता से अतिक्रमण की जद में आई दुकान के हिस्से को तोड़ने के लिए कहा गया है। वहीं अब अतिक्रमण हटने के बाद पालिका ने सौंदयीकरण करने की तैयारी शुरू कर दी है।