बिलारी विधानसभा उपचुनाव में रीठ गांव में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि क्षेत्र में सपा विधायक का आतंक सभी देख चुके हैं। इसलिए सोलह मई को वोट देकर आतंक का अंत कर दीजिये। सभी जानते हैं कि कुछ अधिकारी कर्मचारी सरकार के एजेंट बनकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह खौफ दिलों से निकाल दीजिये कि बूथों पर कब्जा कर लिया जाएगा। केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में चुनाव होने की उम्मीद है। वैसे भी बूथ स्तरीय कार्यकर्ता वोटिंग शुरू होने से ईवीएम सील होने तक बूथ न छोड़ें। किसी भी स्थिति में बूथ पर कब्जा न होने दें।
खुद संयम से रहे, कानून का उल्लंघन न करें। यदि मुकदमा होगा तो घबराएं नहीं, मुकदमा भाजपा लड़ेगी। केंद्र में हमारी सरकार है, जिसके खजाने का मुंह बिलारी के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित कई योजनाओं को विस्तार से बताया। इस दौरान पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी ने प्रदेश अध्यक्ष को गदा भेंट की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री अनुपमा जायसवाल, जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल, चौधरी भूपेंद्र सिंह, जसवंत सिंह, एमएलसी डा.जयपाल सिंह व्यस्त, परमेश्वर लाल सैनी, डा.हरि सिंह ढिल्लो, पूर्व मंत्री गुलाब देवी, पूर्व विधायक ठाकुर सत्येंद्र सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख चौधरी नरेंद्र सिंह रहे।