चंदौसी में शिविर में अव्यवस्था के खिलाफ जाम लगाने वाले दिव्यांगों को समझाते सीओ। अमर उजाला
विकासखंड बनियाखेड़ा में मंगलवार को दिव्यांगों के पंजीकरण के लिए शिविर लगाया गया था। इसमें अव्यवस्थाएं हावीं रहीं। पीने के पानी तक का इंतजाम नहीं रहा। इस दौरान अधिकतर दिव्यांग पंजीकरण कराने से वंचित रह गए। अव्यवस्थाओं से आक्रोशित दिव्यांग हाईवे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। सूचना पर मौके पर सीओ ने पहुंचकर दिव्यांगों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत किया। दिव्यांगों के लिए सहायक उपकरण निर्माता कंपनी एलिम्को के प्रतिनिधि मंगलवार को विकासखंड बनियाखेड़ा में पंजीकरण के लिए पहुंचे। विकासखंड सभागार में दिव्यांगों के पंजीकरण किए गए।
लंबी कतारों में लगे दिव्यांग गर्मी और प्यास से आक्रोशित दिव्यांगों ने हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। तत्काल सूचना पर सीओ अभिषेक यादव और परियोजना निदेशक/खंड विकास अधिकारी हरेंद्र सिंह ने दिव्यांगों को समझा बुझाकर शांत किया। दिव्यांग सभागार में गर्मी और पंजीकरण की बेहद धीमी रफ्तार से आक्रोशित थे। नरौली निवासी धर्मपाल दिवाकर ने कहा कि दिव्यांगों के लिए आयोजित शिविर में व्यवस्था के नाम पर कुछ भी नहीं था। जिम्मेदारों ने पेयजल, बैठने की व्यवस्था और गर्मी से राहत के लिए कोई इंतजाम नहीं किया। दिव्यांगों की सुविधा के लिए प्रशासन गंभीर नहीं है।