ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ग्रामीण ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जांच-पड़ताल की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। \हादसा गांव फत्तेहपुर-शरीफनगर के निकट तेली वाला मार्ग पर हुआ।
शुक्रवार को थाना क्षेत्र के गांव श्यौराजपुर निवासी ग्रामीण अमरीश पत्नी सुमन के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक गांव फत्तेहपुर-शरीफनगर के निकट तेली वाला मार्ग पर पहुंची तभी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर लगने से बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसा देखकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और सहारा देकर घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में जुट गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अमरीश ने दम तोड़ दिया। वहीं पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाल वहीद खान ने बताया कि भाई गिरीश चंद्र शर्मा की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर गांव ड्योढाई निवासी ट्रैक्टर-ट्राली चालक भारत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।