बहजोई के जिला मुख्यालय बनने की अधिसूचना के बाद खुशी मनाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
एक ओर जहां पूरा नगर श्री हनुमान जन्मोत्सव पर नगर में निकाली जा रही भव्य शोभायात्रा की खुशी में शामिल था, वहीं शाम होते ही खुशी में और इजाफा हो गया। लोगों को खबर मिली, कि बहजोई को जिला मुख्यालय घोषित कर दिया गया है। फिर क्या था, बधाइयों का सिलसिला चल पड़ा। एक दूसरे से होते हुए पूरे शहर में खबर फैल गई। लोगों में उत्साह बढ़ता रहा। फिर दौर चला, आतिशबाजी छोड़ने व मिठाइयां बांटने का। लोग एक दूसरे के साथ आतिशबाजी छोड़कर बहजोई में जिला मुख्यालय घोषित करने की खुशी को साझा करने लगे।
नगर में एक अलग ही तरह का जश्न मनने की शुरूआत हो गई, जो कि देर रात तक चली। दूर-दराज समेत आसपास के नगरों व ग्रामीण अंचलों से भी बहजोई के लोगों पर फोन कॉल आने लगे और लोग बहजोई के वाशिंदों को जिला मुख्यालय बनने की बधाई देने लगे। लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मजदूर से लेकर व्यापारी तक और बेरोजगार से लेकर नौकरीपेशा तक सभी के चेहरे पर अलग ही खुशी छाई हुई थी।
छात्रों में भी अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा था। चारों ओर बस बहजोई में जिला मुख्यालय घोषित करने की खबर ही छाई हुई थी। लोगों का कहना था कि आखिरकार जिला बनने के साढ़े छह वर्ष तक लंबे संघर्ष के बाद बहजोई को स्थायी जिला मुख्यालय की सौगात मिली है। आखिर में सत्य की ही जीत हुई, क्योंकि बहजोई मेें स्थायी जिला मुख्यालय बनने से संभल, चंदौसी व गुन्नौर तीनों तहसीलों के लोगों को राहत मिलेगी। वहीं देर रात तक आतिशबाजी व मिठाइयां बंटने का सिलसिला चला। इस मौके पर कार्तिक गुप्ता, श्रीयांश गुप्ता, कपिल वार्ष्णेय, आशीष बादशाह, आकाश शंखधार, रवि शर्मा निक्की, ओम राघव, गौरव गोलू, हरीश कुमार व समद हुसैन आदि मौजूद रहे।