चंदौसी(संभल)। चंदौसी से मुरादाबाद जा रही पीतल नगरी डिपो की बस को बदमाशों ने गांव अकरौली और राधा गोविंद इंस्टीट्यूट के बीच रोक लिया। तमंचे से आतंकित कर बस में सवार एक यात्री से बैग लूट लिया और फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना नहीं दी है और कुंदरकी में उतर गया। चंदौसी वापस आए चालक, परिचालक ने स्टेशन प्रभारी को घटना की जानकारी दी है।
जनपद बदायूं के बिसौली के मोहल्ला परवेज नगर निवासी नेमपाल रोडवेज में चालक हैं। वह पीतल नगरी डिपो की अनुबंधित बस को चंदौसी से लेकर मुरादाबाद जा रहे थे। बस में उनके साथ परिचालक रोहताश निवासी वजीरगंज जनपद बदायूं थे। चालक नेमपाल सिंह ने बताया कि रोडवेज बस शाम तीन बजकर दस मिनट पर अकरौली से आगे जा रही थी। सड़क पर खड़े दो युवकों ने रुकने का इशारा किया। बस में सवार एक यात्री ने दोनों को अपना साथी बताते हुए बस रोकने के लिए कहा। बस के रुकते ही दोनों युवक बस में सवार हो गए और तमंचा निकालकर चालक व परिचालक पर तान दिया।
बदमाशों ने यात्रियों से शांत रहने के कहा। बताया कि वह किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। इसके बाद बदमाशों ने बस में सवार एक यात्री से बैग छीन लिया और नीचे उतर गए। वहां से बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित यात्री ने भी न कोई विरोध किया और न ही बदमाशों ने जाने पर कोई शिकायत की।
रोडवेज बस के कुंदरकी पहुंचने पर पीड़ित यात्री चुपचाप उतरकर चला गया। चालक -परिचालक देर शाम मुरादाबाद से बस लेकर चंदौसी पहुंचे हैं, तो उन्होंने घटना की जानकारी स्टेशन प्रभारी अनिल मिश्रा को दी है।
हो सकता है दो नंबर का पैसा या प्रतिबंधित सामान
बस में यात्री से बैग लूट की घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मामले की पुलिस से शिकायत नहीं की गई। पुलिस का मानना है कि पीड़ित ने कोई शिकायत नहीं की है, हो सकता है उसके पास बैग में नंबर दो पैसा अथवा प्रतिबंधित सामान हो सकता है। आरोपी के पास लूटा गया बैग भी हो सकता है, जिसे बदमाश बाद में छीन कर ले गए। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। सीओ गोपाल सिंह ने बताया कि अभी शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।