चंदौसी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में असफल हुए अथवा अंक सुधारने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। हाईस्कूल इंप्रूवमेंट, कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 27 जून निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 30 जून कर दिया गया है।
जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार ने बताया कि हाईस्कूल के विद्यार्थी इंप्रूवमेंट परीक्षा के तहत एक विषय में अपने अंक सुधार सकते हैं। वहीं कंपार्टमेंट परीक्षा के अंतर्गत दो अनुत्तीर्ण विषयों में से किसी एक विषय की परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। इसके लिए 256 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट में केवल कंपार्टमेंट परीक्षा की व्यवस्था है, इसमें इंप्रूवमेंट परीक्षा का प्रावधान नहीं है। इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं अनुत्तीर्ण विषयों में से किसी एक विषय की कंपार्टमेंट परीक्षा दे सकेंगे, जिसके लिए 306 रुपये शुल्क तय किया गया है।
डीआईओएस ने बताया कि अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन पत्र की प्रति और बैंक चालान की मूल प्रति अंतिम तिथि तक पंजीकृत डाक के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजना अनिवार्य होगा।