चंदौसी के रहोली रोड नई बस्ती में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग - संवाद
चंदौसी (संभल)। बिजली विभाग से नाराज रहोली रोड नई बस्ती के लोगों ने अपने- अपने मकानों के बाहर बड़े-बड़े अक्षरों में लिख दिया कि यह मकान बिकाऊ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग ने कई वर्षों से जंगल की तरफ से होकर गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन को उनके मकानों के ऊपर से खींच दी है। इससे उनकी जान को खतरा है। गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। रहोली रोड नई बस्ती में करीब 40 से 50 घर ऐसे हैं, जिनके घरों से होकर हाईटेंशन लाइन डाल दी गई है। यह लोग बीते दस वर्ष से ज्यादा के समय से यहां अपने मकान बनाकर रह रहे हैं। इन दिनों कॉलोनी के अधिकांश लोगों ने अपने -अपने घर के बाहर बड़े - बड़े अक्षरों में सफेद रंग से यह मकान बिकाऊ है लिख दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उनकी कॉलोनी के पास से जंगल की तरफ बिजली विभाग की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। कुछ दिन पहले विभाग ने हाईटेंशन लाइन को हटाकर उनकी कॉलोनी के ऊपर से खींच दी।
जब लोगों ने इसका विरोध किया तो विभाग ने पुलिस बुला ली और जबरन लाइन खींच दी। लोगों ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज को फायदा पहुंचाने के लिए बिजली विभाग ने हाईटेंशन लाइन उनके घरों के बहुत नजदीक से खींच दी गई है। वे कई बार विभाग के अधिकारियों से लाइन को हटवाने की गुहार लगा चुके हैं। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। स्थानीय लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन और बिजली विभाग लाइन को कॉलोनी से हटाकर पुरानी जगह पर शिफ्ट करे।
.................
पहले दूसरी जगह से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। लेकिन बिजली विभाग ने पुरानी जगह से हाईटेंशन लाइन हटाकर जबरदस्ती कॉलोनी के ऊपर से लाइन खींच दी। इससे सभी की जान को खतरा है।
हमसिरन, स्थानीय निवासी
........
जहां से लाइन हटाई गई है, वहां प्लॉटिंग की जा रही है। प्लॉटिंग करने वाले को लाभ पहुंचाने के लिए विभाग ने कॉलोनी के ऊपर से लाइन खींच दी।
रफीक, स्थानीय निवासी
..........
कॉलोनी में 40 से 50 घर है। विभाग ने बिना कोई जांच पड़ताल किए घरों के पास से हाईटेंशन लाइन खींच दी। इससे यहां के लोगों की जान काे खतरा है।
मुबारक अली, स्थानीय निवासी
कोट
रहोली रोड नई बस्ती में किसी मकान के ऊपर से हाईटेंशन लाइन नहीं डाली गई है। लाइन के खंभे रोड पर लगाए गए हैं। साथ ही सेफ्टी के लिए तारों को इंसुलेटर कवर से ढका गया है, जिससे कोई हादसा न हो सके।
-अजय चौरसिया, एसडीओ नगर