संभल। नगर पालिका परिषद में 13 महीने बाद शुरू हुई बोर्ड बैठक हंगामें की भेंट चढ़ गई। सभासदों ने एडीएम केके अवस्थी पर गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया। दरअसल पालिकाध्यक्ष आरिफा शकील के निधन के बाद एडीएम को नगर पालिका का प्रभार सौंपा गया है। एडीएम की मौजूदगी में पहली बार शनिवार को नगर पालिका के सभागार में बोर्ड की बैठक आयोजित की जानी थी। बैठक शुरू होते ही हंगामा हो गया। इसके बाद बैठक आगे नहीं बढ़ सकी और सभासद भड़क गए और बोर्ड की बैठक का बहिष्कार कर सभागार से बाहर निकल आए। इसके बाद सभासदों ने एडीएम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ईओ रामपाल सिंह ने सभासदों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। सभासदों का कहना था कि बैठक में कुछ ऐसे प्रस्ताव पास किए जाने थे जो पूरी तरह से गलत थे। जिनका विरोध होना था, इसी के चलते एडीएम मीडिया से बच रहे थे।
दरअसल, नगर पालिकाध्यक्ष आरिफा शकील का निधन 11 जनवरी को हो गया था। इसके बाद पद रिक्त हुआ तो शासन के आदेश पर एडीएम को प्रभार सौंपा गया। एडीएम की अध्यक्षता में शनिवार को पहली बोर्ड की बैठक होनी तय की गई थी। बैठक 11 बजे शुरू हो गई, लेकिन जैसे ही मीडियाकर्मी पहुंचे तो एडीएम ने उनसे बैठक कक्ष से बाहर बैठने के लिए कह दिया। और महिला सभासदों के पति भी बैठक कक्ष में नहीं आने दिए। इसी बात को लेकर हंगामा शुरू हुआ। हंगामा शुरू होने से पहले आमदनी और खर्च का लेखा-जोखा पेश किया गया। इसके बाद रसीद बुक क्रय किए जाना वाला प्रस्ताव पास हो गया। तीसरा प्रस्ताव गृहकर और जलकर का शुल्क बढ़ाने का रखा गया था। प्रस्ताव पर चर्चा हो पाती इससे पहले ही हंगामा हो गया। हंगामा बढ़ने पर एडीएम ने मीडिया कर्मियों से कहा कि वह बाहर जाएं। सभासदों ने हंगामा करते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद सभी सभासद नगर पालिका परिसर में पहुंच गए और जमकर हंगामा करते हुए एडीएम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सभासदों का आरोप है कि इस बैठक में कई ऐसे प्रस्ताव पास किए जाने थे, जिनका पुनरीक्षण बजट पास नहीं हुआ और भुगतान कर दिया। जब यह प्रस्ताव पेश किए जाते तो अनियमितता की पोल खोलते। इसलिए एडीएम मीडिया के सामने यह चर्चा करना नहीं चाहते थे और इसलिए ही मीडिया कर्मियों को बाहर जाने के लिए कह रहे थे।
------------
इनसेट
सभासदों ने लगाया गलत व्यवहार करने का आरोप
संभल। बोर्ड की बैठक के दौरान हुए विवाद के बाद सभासदों ने मुरादाबाद मंडलायुक्त से एडीएम की शिकायत की है। सभासदों ने आरोप लगाते हुए कहा कि बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव एक और दो पास हो गया, लेकिन इसी बीच एडीएम ने सभासद व उनके पति और मीडिया कर्मियों के साथ गलत व्यवहार किया। इसी के चलते सभासदों को बैठक का बहिष्कार करना पड़ा। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान इस पर सुषमा ठाकुर, वसीम जहां, जैनब बेगम, मोहम्मद सरताज, संजीव कुमार, राजेंद्र कुमार, रहमत जहां, इब्राहीम आदि सभासद के हस्ताक्षर हैं।
---------
अब कोई दूसरी तारीख पर होगी बोर्ड की बैठक
संभल। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में हंगामे के बाद यह तय हो गया कि अब बैठक के लिए कोई दूसरी तारीख रखी जाएगी। साथ ही सभासदों नेे ईओ से मांग करते हुए कहा कि जब भी बोर्ड की बैठक होगी तो उसमें मीडिया अंदर रहेगी। अगर ऐसा नहीं होता तो दोबारा से बोर्ड की बैठक का बहिष्कार किया जाएगा।
--------
कोट
बोर्ड की बैठक में सभासद के स्थान पर उनके पति या अन्य लोग बैठे थे, जो सदन की गरिमा के खिलाफ है। ऐसा नहीं चलेगा। सदन की गरिमा के अनुरुप कार्य होगा। सभासद जो भी आरोप लगा रहे हैं, वह गलत हैं।
कमलेश कुमार अवस्थी, अपर जिलाधिकारी/ कार्यवाहक प्रभारी नगर पालिका परिषद, संभल।