धनारी क्षेत्र के गांव वहीपुर में एंबुलेंस ईएमटी की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : CHANDAUSI
धनारी(संभल)। क्षेत्र के गांव वहीपुर निवासी एंबुलेंस ईएमटी की बरेली में जहर पीने से मौत हो गई है। परिजन बरेली से शव घर ले आए और सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। युवक के पिता का कहना है कि 15 दिन पहले घर से ड्यूटी के लिए गया था, किसी भी तरह की समस्या अथवा कोई बात नहीं बताई थी।
थाना क्षेत्र के गांव वहीपुर निवासी मैदानशाह (28) बरेली में सरकारी 108 एंबुलेंस पर ईएमटी के पद पर कार्यरत था। युवक के चचेरे भाई नासिर ने बताया कि बुधवार की सुबह 11 बजे फोन पर सूचना मिली थी कि मंगलवार रात किसी समय मैदानशाह ने जहर पी लिया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां हालत नहीं सुधरी तो उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान बुधवार की शाम उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को परिजन शव का पोस्टमार्टम कराकर शाम को घर ले आए और सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
युवक हंसी खुशी 15 दिन पहले गया था घर से
युवक के पिता रहमान शाह ने बताया कि मैदानशाह घर पर छुट्टी लेकर आया था। 15 दिन पहले वापस ड्यूटी पर गया था। वह किसी भी तरह के विवाद, तनाव से इनकार कर रहे हैं।
पत्नी बेसुध, बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मैदानशाह के तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा अलीम आठ साल, बेटी अरीवा छह वर्ष, आइशा तीन वर्ष है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी सायरा का रो-रोकर बुरा हाल है। रोते-रोते कई बार अपनी सुधबुध खो देती थी।