संभल। बाल विद्या मंदिर में अंग्रेजी की वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्या राष्ट्रवाद एक सकारात्मक शक्ति है विषय पर प्रतियोगिता हुई। इसमें 10 सीबीएसई स्कूलों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद एएम वर्ल्ड स्कूल ने प्रथम स्थान, बाल विद्या मंदिर ने द्वितीय और सेंट मेरी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता में कायनात इंटरनेशनल, सेंट मैरी, एएम वर्ल्ड, सरस्वती विद्या मंदिर, एचएम ग्लोबल, बाल विद्या मंदिर, सेंट एंथनी, जवाहर नवोदय विद्यालय, मिशन इंटरनेशनल और एंजेल्स पब्लिक स्कूल ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कायनात इंटरनेशनल स्कूल की हदिया जैनब को पक्ष में सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित किया गया। जबकि बाल विद्या मंदिर के इब्राहिम रसूल को विपक्ष में सर्वश्रेष्ठ वक्ता का पुरस्कार दिया गया।
प्रत्येक विद्यालय से आए विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षक और पांच सहपाठी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने साथियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की शुरुआत बाल विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य मनीष पंवार के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने वाद-विवाद प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संवाद कौशल, आत्मविश्वास और तार्किक अभिव्यक्ति को विकसित करने में सहायक होते हैं। वाद-विवाद में विपरीत विचारों का सम्मान करना एक सच्चे वक्ता का गुण होता है। संचालन सुनील कुमार सिंह व मनमोहन सांख्यधर ने संयुक्त रूप से किया।