चंदौसी(संभल)। मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज चंदौसी में मंगलवार को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद की ओर से अंतरमहाविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध नौ महिला टीमों ने हिस्सा लेकर खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज की टीम ने एसबीडी धामपुर को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
कार्यक्रम की शुरुआत एजुकेशन कॉलेज के सचिव डॉ. अशोक यादव, प्राचार्य डॉ. राजकुमार गोयल, मॉडल लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. पवन ठाकुर, डॉ. भानु प्रताप सिंह व विश्वविद्यालय से आए अधिकारियों और पर्यवेक्षकों के स्वागत से हुई। इसके बाद प्रतियोगिता की शुरुआत फीता काटकर की गई। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला एसबीडी कॉलेज धामपुर और एसएम डिग्री कॉलेज के बीच खेला गया। इसमें एसबीडी कॉलेज की टीम विजयी रही।
दूसरा मैच वर्धमान कॉलेज बिजनौर और मॉडल कॉलेज चंदौसी के बीच हुआ, जिसमें मॉडल कॉलेज की टीम ने जीत दर्ज की। तीसरा मुकाबला एमएच पीजी कॉलेज मुरादाबाद और एसबीडी कॉलेज धामपुर के बीच हुआ। इसमें एसबीडी कॉलेज ने बाजी मारी।
वहीं, फाइनल मुकाबला मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज और एसबीडी कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें मॉडल कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। जबकि एसबीडी कॉलेज की टीम उपविजेता घोषित हुई।
इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक व क्रीड़ा अध्यक्ष ज्ञान सिंह, डॉ. टीपी सिंह, जेपी. गौतम, डॉ. मुजाहिद परवीन, मधु राठौर, कविता चौधरी, शर्मिला उपाध्याय, डॉ. रैना शर्मा, राजू पाल, डॉ. तेजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।