सिरसी (संभल)। कस्बे में सोमवार को पहली मोहर्रम पर इमाम बारगाह और अजाखानों में मजलिसें हुईं। इमाम बारगाह कला गर्बी में हुई मजलिस में चौधरी बबर अली व उनके साथियों ने मर्सिया पढ़ा।
मौलाना कुर्रतुनएन हैदर ने मजलिस को संबोधित किया। उन्होंने कर्बला के मसाहिब बयान किए, जिसे सुनकर अजादारों की आंखें नम हो गईं। मौलाना ने कहा कि नवासा ए रसूल हजरत इमाम हुसैन पर कर्बला में यजीद की जालिम फौज ने बहुत जुल्म किए थे। इसके अलावा मौलाना काजी हुसैन रजा, मौलाना एहतेशाम अली, मौलाना मोहम्मद अब्बास, मौलाना शमीम, मौलाना समर, मौलाना हैदर रजा, मारूफ सिरसीवी आदि ने भी मजलिसों को खिताब किया। साथ ही, इमाम बारगाह मोहल्ला शर्की सादात, इमाम बारगाह माकूफा, इमाम बारगाह इमाम रजा, इमाम बारगाह मासूम अली साहब, इमाम बारगाह मोला अब्बास, इमाम बारगाह हजरत अली अकबर, इमाम बारगाह बंगाली साहब, अजाखाना दालान और निजी अजाखानों में मजलिसें सुबह से शुरु होकर रात तक जारी रहीं। दूसरी ओर, मोहल्ला चौधरियान में नकी सिरसवी के अजाखाने से अलम मुबारक का जुलूस बरामद हुआ। इसमें मर्सिया गदीरुल हसन और उनके साथियों ने पढ़ा। इसके साथ ही, बड़ी तादात में महिलाओं की मजलिसें भी आयोजित की गईं।