चंदौसी। सीबीएसई और आईसीएसई के विद्यालयों में एनसीईआरटी की किताबों के स्थान पर निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें संचालित किए जाने पर 33 विद्यालयों पर डीएम ने एक-एक लाख का जुर्माना लगा कर कार्रवाई की है। इस संदर्भ में मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश कांफिडेशन ऑफ इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन मेरठ के बैनर तले विद्यालय संचालकों का एक प्रतिनिधि मंडल बहजोई पहुंच कर डीएम से मिला और अपना पक्ष रखा।
मेरठ से आए एसोसिएशन के अध्यक्ष विशाल जैन और सचिव राहुल केसरवानी के नेतृत्व में जिले भर के सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालयों के संचालकों का एक प्रतिनिधि मंडल डीएम राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई से मिला। जिले के 33 विद्यालयों पर लगाए गए एक-एक लाख के जुर्माने को लेकर कहा कि सत्र शुरू हुए कई माह बीत गए। ऐसे में कक्षा आठ तक के बच्चों का कोर्स बदलने में दिक्कत होगी। साथ ही बाजार में एनसीईआरटी की किताबें उपलब्ध नहीं हैं। जब तक एनसीईआरटी की किताबें आएंगी। तब तक आधा सत्र बीत चुका होगा। विद्यालयों पर अर्थदंड गलत लगाया गया है। अगले सत्र में सुधार न हो तो कार्रवाई उचित होगी। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव के साथ बहजोई पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू, विद्यालय संचालक अनूप मंगलम, डॉ. कृष्णा आदि मौजूद रहे।