धनारी। भिरावटी निवासी पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार यादव ने मलुआ के घेर निवासी पिता-पुत्र की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, बच्चों को निशुल्क शिक्षा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि मलुआ के घेर निवासी नरेश पाल और उनके पुत्र भीमसेन की गाड़ी बुकिंग के बहाने लूटकर हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव शामली के जंगल में फेंक दिए गए थे। पुलिस ने शव बरामद कर दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद परिवार पूरी तरह असहाय हो गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि परिवार में चार नाबालिग बच्चे, गर्भवती बहू और करीब सात लाख रुपये का कर्ज है। परिवार में अब कोई कमाने वाला नहीं बचा है।
ग्राम प्रधान रेखा यादव द्वारा तैयार ज्ञापन भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य को उनके निवास पर सौंपा गया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पीड़ित परिवार को मिलने का समय देने का अनुरोध भी किया गया है। संवाद