चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के बहजोई रोड आंबेडकर पार्क के निकट बाइकों की टक्कर में बाइक से गिरी गांव मौलागढ़ की मिलक निवासी लक्ष्मी देवी (45) की सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल कर मौत हो गई। जबकि पति-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेज कर महिला का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ कर भाग निकला।
हादसा रविवार की सुबह साढ़े पांच बजे उस समय हुआ जब गांव मौलागढ़ के रहने वाले प्रेम किशोर अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी और पुत्र यश के साथ बाइक से गांव आटा स्थित पेट्रोल पंप के पास खेत पर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बहजोई रोड पर आंबेडकर पार्क के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान चंदौसी की ओर से आ रही सीमेंट के कट्टों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया लक्ष्मी देवी के ऊपर से उतर गया। हादसे में लक्ष्मी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद दूसरी बाइक सवार युवक अपनी बाइक मौके पर छोड़ कर भाग गया। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक भी वाहन छोड़ कर भाग निकला। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रेम किशोर व यश को अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद पिता-पुत्र को रेफर कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मची हुई है।