जुनावई। जिले के भाजपा प्रभारी मंत्री धर्मवीर सिंह थाना क्षेत्र के गांव हरगोविंदपुर पहुंचे। यहां बरात जाने के दौरान हुए हादसे में दूल्हे समेत आठ लोगों की मौत को लेकर दुख प्रकट किया और पीड़ित परिवारों को सांत्वना व्यक्त की। साथ ही पीएम कोष से मृतकों के परिवारों को मिलने वाली दो-दो लाख रुपये की धनराशि के बारे में जल्दी खाते में पहुंचने का भरोसा दिलाया। थाना क्षेत्र के हरगोविंदपुर गांव में सुखराम पासी के बेटे सूरज की बरात चार जुलाई को जनपद बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के सिरसौल गांव में राजू के घर जानी थी। बरात जाते समय दूल्हे की कार शाम साढ़े सात बजे करीब जुनावई कस्बे के जनता इंटर काॅलेज की दीवार से टकरा गई थी। हादसे में दूल्हा समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी।
सरकार की ओर से मृतक परिवार को दो-दो लाख रुपये की धनराशि पीएम राहत कोष से दिए जाने की बात कही गई थी। परंतु 16 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई भी धनराशि मृतक परिवार के खातों में नहीं पहुंची है। वहीं इसको लेकर नेता लोग शोक संवेदना व्यक्त करने आ जा रहे हैं।
रविवार की शाम भाजपा के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा से स्वतंत्र प्रभार मंत्री और संभल जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मवीर सिंह प्रजापति ने हरगोविंदपुर गांव पहुंच कर मृतकों के परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने बताया हमारी सरकार से जो भी उचित मदद होगी वह हर संभव कराई जाएगी।
मौके पर पहुंची गुन्नौर एसडीएम वंदना मिश्रा से जानकारी कर बताया मृतक परिवार के लोगों को लाभ दिलाए जाने के लिए कागज तैयार कर भेज दिए गए हैं। जल्द ही मृतक परिवार को लाभ दिलाया जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री अजीत यादव, रोशन सिंह, दानवीर कुशवाहा, अखिलेश दीक्षित, राकेश यादव, राजेंद्र शर्मा सहित आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।