संभल। बनियाखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में पत्नी से विवाद के बाद मंगलवार की देर रात घर के कमरे में पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर पति ने जान दे दी। जानकारी बुधवार की सुबह फंदे पर लटका देखा तो परिजनों में कोहराम मच गया। युवक को फंदे से नीचे उतारा गया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
बनियाखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 31 वर्षीय बीएससी का छात्र ससुराल में पत्नी से हुए विवाद के बाद मंगलवार की देर रात घर आने के बाद रस्सी का फंदा गले में डाल कर पंखे से झूल गया। मृतक के पिता के मुताबिक सोमवार की शाम उनका बेटा पत्नी और तीन माह के पुत्र को लेकर ससुराल चला गया था। पत्नी से कहासुनी हो जाने के बाद मंगलवार की रात करीब 11 बजे घर वापस आ गया। घर आने के बाद कमरे में सो गया था। देर रात गले में रस्सी का फंदा डालकर पंखे से झूल गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
सुबह करीब पांच बजे उठाने के लिए आवाज लगाई तो कोई हरकत नहीं हुई। जिसके बाद गेट तोड़कर देखा तो वह रस्सी के सहारे पंखे से लटका हुआ था। घटना की सूचना बेटे की पत्नी और ससुर को दी गई। वह भी मौके पर आ गए। बुधवार की दोपहर में बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।