बहजोई। जिले की नगर पालिका बहजोई, चंदौसी व संभल में अलग-अलग ईओ को नई तैनाती मिली है। वहीं, कई जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के पदों में भी फेर-बदल हुई है। इनमें से कुछ अधिकारियों को जिला संभल से दूसरे जिलों में नई तैनाती पर भेजा गया है तथा गैर जिलों से आए कई अधिकारियों को जिले में अलग-अलग कई पदों पर तैनाती मिली है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश वर्मा को जिला हमीरपुर से संभल में तैनाती मिली है। वहीं, नगर पालिका संभल में राजस्व निरीक्षक पद पर तैनात राजेश कुमार रामललक को जिला हाथरस की नगर पालिका सिकंद्रा राऊ भेजा गया है। इसके अलावा, नगर निगम मुरादाबाद के राजस्व निरीक्षक सचिन कुमार सक्सेना को नगर पालिका चंदौसी, नगर पालिका चंदौसी राजस्व निरीक्षक ऋषभ कुमार को नगर निगम मुरादाबाद तथा नगर निगम गाजियाबाद के राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार को, नगर पालिका बहजोई भेजा गया है। साथ ही, नगर निगम आगरा के राजस्व निरीक्षक चंद्रवीर सिंह को नगर पालिका संभल में तैनाती मिली है।
वहीं, संभल के उप नगर आयुक्त (ईओ) मणिभूषण तिवारी को नगर पालिका मऊ व जिला शाहजहांपुर के पुवायां नगर पालिका के ईओ सत्येंद्र प्रकाश को चंदौसी का ईओ बनाया गया है। साथ ही, जिला संतकबीर की बाघनगर बखीरा नगर पंचायत के नव प्रोन्नत ईओ आदित्य प्रकाश को नगर पालिका संभल तथा अतरौली की नगर पालिका की ईओ अमिता वरुण को बहजोई में तैनाती मिली है।
इसके अलावा, जिला संभल में ब्लॉक जुनावई में तैनात बीडीओ अखिलेश कुमार को जिला संत कबीर नगर भेजा गया है। जिला संभल में जिला पंचायत के जेई अभय कुमार सक्सेना को बदायूं भेजा गया है तथा जिला कासगंज में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पद पर तैनात हेमेंद्र स्वरूप को जिला संभल में तैनाती दी गई है।