बहजोई। विकासखंड संभल की ग्राम पंचायत भड़वाड़ा के ग्राम निधि खाते से पूर्व ग्राम प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर व मोहर लगाकर 2 लाख 10 हजार रुपये आहरित किए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर डीपीआरओ की ओर से आरोपी सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने को लेकर एडीओ पंचायत को पत्र जारी किया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने बताया कि बीते दिनों ग्राम पंचायत भड़वाड़ा पर तैनात ग्राम पंचायत सचिव सुशील कुमार की ओर से पूर्व प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर व मोहर लगाकर दो चेकों के माध्यम से 2 लाख 10 हजार रुपये आहरित जाने की शिकायत मिली थी। पूरे मामले में जांच कराने पर शिकायत सही पाई गई।
इसमें ग्राम पंचायत सचिव की ओर से ग्राम निधि खाते से एक चेक से 48 हजार 9 सौ 30 रुपये व दूसरे चैक से 1 लाख 61 हजार 70 रुपये निकाले गए थे। डीपीआरओ ने बताया कि पूरे मामले में एडीओ पंचायत को पत्र जारी कर आरोपी ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।