ओबरी (संभल)। गांव टांडा कोठी में शादी समारोह के दौरान घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का आरोपी ग्रामीणों ने गन्ने के खेत से पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के पास से चोरी का सामान भी बरामद हो गया है।
गांव टांडा कोठी निवासी स्वराज सिंह के घर बृहस्पतिवार को रात वैवाहिक कार्यक्रम था। घर में मेहमानों की भीड़ थी। मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव सैंदोली से देर रात बरात आई तो वधू पक्ष के लोगों ने स्वागत सत्कार के बाद मेहमानों को खाना खिलाया। इसके बाद परिजन जयमाला के कार्यक्रम में व्यस्त हुए तो चोर भीड़ का फायदा उठाते हुए घर में पहुंच गया और कमरे में रखी अलमारी से सोना-चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। कुछ देर बाद परिजनों की नजर अलमारी पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। चोरी की घटना की जानकारी होने पर मेहमानों और ग्रामीणों की मदद से अंजान लोगों की तलाश शुरू की गई। एक व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की तो वह चकमा देकर भाग निकला और गन्ने के खेत में छिप गया। ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया।
सूचना पर आई पुलिस आरोपी को थाने ले गई। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि दो आरोपी मौके से भाग गए। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया हुआ है, उससे पूछताछ की जा रही है।