चंदौसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने लावण्या मामले में तमिलनाडु सरकार का फव्वारा चौक पर पुतला फूंका व प्रदर्शन किया। साथ ही तमिलनाडु में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे अभाविप कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर रोष व्यक्त किया।
गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता गांधी पार्क में एकत्र हुए। यहां सभी जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए पुतला लेकर फव्वारा चौक पहुंचे। फव्वारा चौक पर कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु सरकार का पुतला फूंका और प्रदर्शन किया। संगठन के विभाग संयोजक शिवा भारद्वाज ने कहा कि तमिलनाडु में 17 वर्षीय छात्रा के हुई घटना की हम निंदा करते हैं।
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री आवास पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे अभाविप की राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी व 33 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने 14 दिन की हिरासत में लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर झूठे मुकदमे लगाकर फंसाया गया। तमिलनाडु सरकार अपनी नीति के कारण प्रदर्शन को कमजोर कर रही है। सभी कार्यकर्ताओं ने हिरासत में लिए संगठन के कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग की। जब तक कार्यकर्ताओं की रिहाई नहीं होगी, तब देश में धरना प्रदर्शन जारी रहेंगे। इस अवसर पर जिला संयोजक आकाश कुमार, डा. डीके अग्निहोत्री, लक्षित सिंघल, शगुन ठाकुर, राम वार्ष्णेय, शिवम गोस्वामी, रेशु पंडित, गौरव वाल्मीकि, पीयूष विडोलिया, दीपक वार्ष्णेय, कुशाग्र अग्रवाल, रोहित ठाकुर, यश ठाकुर, यश भारद्वाज, सुरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।