मृतका प्रीति का फाइल फोटो: स्रोत - परिजन
चंदौसी(संभल)। बदायूं रोड पर आईटीआई के सामने शुक्रवार सुबह आठ बजे अचानक बाइक पर पीछे बैठी महिला प्रीति (30) उछल कर सड़क गिर गई। इस दौरान पीछे से आ रही डीसीएम महिला को रौंदती हुई सड़क किनारे खंदी में जाकर पेड़ में जा घुसी। हादसे में महिला की मौत हाे गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़ कर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि महिला अपने पति के साथ बाइक से बिलारी से दुकान के लिए कपड़े खरीदकर अपने गांव लौट रही थी। जिला बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा के गांव दामरी निवासी हरिओम गांव में ही कॉस्मेटिक सामान व कपड़े बेचने की दुकान करते हैं। शुक्रवार सुबह छह बजे करीब वह अपनी पत्नी प्रीति के साथ बाइक से बिलारी दुकान के लिए कपड़े लेने गए थे। वहां से लौटते समय सुबह करीब आठ बजे जैसे ही बाइक सवार पति-पत्नी चंदौसी आईटीआई के पास हाईवे पर पहुंचे, इस दौरान अचानक झटका लगने पर बाइक पर पीछे बैठी प्रीति सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रही डीसीएम का पहिया महिला के सिर पर चढ़ गया और डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खंदी में होते हुए पेड़ में जा घुसी। मौके से चालक अपनी डीसीएम छोड़ कर भाग निकला।
मौके पर लगी राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पर आई एंबुलेंस घायल महिला को लेकर सीएचसी ले आई। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि महिला अपने पीछे बेटे अनुराग व योगेश और बेटी संजना को रोता बिलखता छोड़ गई।