चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड पर बस में चढ़ने की कोशिश करते यात्री - संवाद
चंदौसी(संभल)। भैया दूज के दूसरे दिन शुक्रवार को बहनों के घर लौटने के चलते ट्रेनों और रोडवेज बसों में भारी भीड़ रही। रोडवेज बस स्टैंड पर यात्री बसों का इंतजार करते नजर आए तो कई यात्री बसों में खड़े होकर सफर करने के लिए मजबूर हुए। भीड़-भाड़ और यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण डग्गामार वाहन चालक फिर से लोकल रूटों पर उनका सहारा बने। वहीं, ट्रेनों में भी यात्रियों को सफर करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से लेकर देर शाम तक बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं, भीड़ के कारण डग्गामार वाहनों ने भी लोकल रूट के लिए यात्रियों से मनचाहा किराया वसूला। उधर, भैया दूज और अन्य त्योहारों के बाद लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ-साथ बरेली, मुरादाबाद और अलीगढ़ रूट की पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। दिल्ली, बरेली, अलीगढ़ और मुरादाबाद की ओर जाने और आने वाली ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कई यात्री दरवाजों और सीढ़ियों पर खड़े होकर सफर करते नजर आए। ट्रेन स्टेशनों पर पहुंचते ही यात्रियों में सीट पाने की होड़ मच गई। संवाद