जुनावई(संभल)। कस्बे के मेरठ-बदायूं हाईवे पर धनीपुर गांव के नजदीक सोमवार शाम करीब सात बजे दूध से भरे टैंकर ने पीछे से एक बाइक में टक्कर मार दी और चार किलोमीटर तक बाइक को घसीट ले गया।। हादसे में बाइक सवार बॉबी (28) की मौत हो गई। जबकि उसका तहेरे भाई अतीश गंभीर रूप से घायल हो गया। दूर जाकर चालक अपना कैंटर छोड़ कर भाग निकला।
थाना क्षेत्र के गांव हरगोविंदपुर निवासी बॉबी और उसका तहेरा भाई अतीश पल्लेदारी का काम करते हैं। परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम दोनों भाई क्षेत्र के ही गांव बैरपुर महराजी में पल्लेदारी कर अपने घर बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही, उनकी बाइक जुनावई क्षेत्र के मेरठ-बदायूं हाईवे पर गांव धनीपुर के पास पहुंची। तभी पीछे से आ रहे दूध से भरे टैंकर ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। वहीं चालक बाइक को घसीटता हुआ चार किलोमीटर तक ले गया। हादसा देख लोगों को अपनी ओर आता देख कैंटर चालक मौके पर अपना वाहन छोड़ भाग निकला।
मौके पर लगी राहगीरों की भीड़ ने एक्सीडेंट की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर आई पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने बॉबी को मृत घोषित कर दिया। जबकि अतीश की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि बॉबी की पत्नी सीमा और बेटे बीनू व बेटी गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। एसआई साधु सिंह यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।