ईंट के सांचे ले जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज
धनारी(संभल)। ईंट के भट्ठे से सांचे ले जाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों पर मुकदमा पंजीकृत किया। इस मामले में गांव वहींपुर निवासी रामवीर ने पुलिस को तहरीर देकर कहा था कि गांव में ही एक ईंट का भट्ठा है। जहां ईंट बनाने के सांचे पड़े हुए थे, जो प्रयोग में नहीं आ रहे थे। गांव के ही छत्रपाल व गुलबहार सोमवार की रात में भट्ठे से 10-15 सांचे उठाकर अपने घर ले आए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। संवाद
घर में घुसकर मारपीट का आरोप, चार पर केस
सरायतरीन। बहजोई पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। गांव पगौना के निवासी श्याम बाबू की तहरीर पर यह कार्रवाई की। श्याम बाबू ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को गांव में अपने मकान की नींव बनवा रहा था, तभी गांव के ही चार लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने बमुश्किल बचाया। थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि गांव पगौना निवासी दीपक यादव, जगदीश यादव, अमित यादव और रामौतार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद
मोबाइल चोरी कर भाग रहे युवक को पकड़ा
सरायतरीन। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव नसीरपुर में बुधवार की सुबह चोरी करके भाग रहे युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस को सौंपा गया। मामले में पीड़ित मुस्तकीम ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि बुधवार की सुबह घर में घुसकर चोर ने कमरे की अलमारी तोड़कर मोबाइल चोरी कर लिया। शोर शराबा करने पर आसपास के पड़ोसियों की मदद से गांव के नजदीक में ही चोर को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक से तीन मोबाइल और पेंचकस की बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि रायसत्ती थाना क्षेत्र के मोहल्ला स्टेशन के पास झुग्गी निवासी फिरोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है। संवाद
जान से मारने की धमकी देने में केस दर्ज
सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पाठकपुर निवासी कविंद्र पाल सिंह ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के ही दो सगे भाई अपने दो साथियों के साथ आकर पत्नी, बेटी और बेटे के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट करने लगे। शोर शराबा सुनकर मौके पर आए परिजन और पड़ोसियों ने बमुश्किल बचाया। जाते समय जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पाठकपुर निवासी राजकुमार, प्रदीप और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद