संभल। लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने अचानक पुलिस पर फायरिंग की। एक सिपाही के हाथ को गोली छूती हुई निकल गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश की टांग में गोली लगी है। तीन बदमाश मौके से भाग गए।
हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस ने कॉबिंग के दौरान एक बदमाश को पकड़ लिया। जबकि दो बदमाश हाथ नहीं आ सके। रविवार की सुबह करीब 11 बजे असमोली थाना पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी कि दो बाइकों पर सवार चार लोग घूम रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया कि पुलिस थाना क्षेत्र के गांव शकरपुर सोत के नजदीक पहुंची तो दो बाइकों पर सवार चार लोग आते दिखाई दिए। पुलिस को आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इसमें थाने में तैनात सिपाही विकास दीक्षित के हाथ को छूती हुई गोली निकल गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो एक बदमाश की टांग में गोली लगी। जिसको पुलिस ने पकड़ लिया। अन्य तीन बदमाश भाग गए। पकड़े गए बदमाश ने अपनी पहचान मुरादाबाद के थाना भोजपुर अंतर्गत पीपलसाना निवासी नाजिम के रूप में कराई। साथ ही असमोली थाना क्षेत्र में दो और हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में एक घटना को अंजाम देना कबूल किया।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार भागे हुए बदमाशों में से जुबैर नाम का बदमाश हजरतनगर गढ़ी पुलिस ने कॉबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। जबकि असमोली थाना क्षेत्र के गांव हरथला निवासी इस्तेखार और टंडन भाग गए। बदमाशों को पुलिस तलाश कर रही है। वहीं दूसरी ओर घायल सिपाही और बदमाश का जिला अस्पताल में उपचार कराया है।