संभल। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्राचीन श्री वंश गोपाल कल्किधाम तीर्थ बेनीपुर का पयर्टन विकास होगा। शासन ने इसके लिए 4.50 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। अब जिला प्रशासन ने भी इस दिशा में कदम आगे बढ़ाए हैं। प्रशासन के अधिकारी शुक्रवार को वंश गोपाल तीर्थ पर बैठक करेंगे। ताकि जल्द ही पर्यटन विकास के कार्य शुरू कराए जा सकें।
संभल में प्राचीन 68 तीर्थ और 19 कूपों की परिक्रमा श्री वंश गोपाल कल्किधाम बेनीपुर से शुरू होती है। इसी के दृष्टिगत शासन ने वंश गोपाल तीर्थ के पर्यटन विकास के लिए 4.50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। वंश गोपाल तीर्थ के विकास के तहत स्वागत द्वार के निर्माण पर 31.67 लाख व्यय किए जाएंगे। वहीं, मल्टीपरपज हॉल के भूतल और प्रथम तल के निर्माण पर 95.67 लाख रुपये और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्री शेड पर 25 लाख, शौचालय परिसर पर करीब 26 लाख रुपये खर्च होंगे।
मालूम हो, कि 25 मई को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक संभल में आए थे। उन्होंने कार्यों को तेजी से करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने इसमें तेजी दिखाई है।
वंश गोपाल कल्किधाम बेनीपुर चक के महंत स्वामी भगवत प्रिय महाराज ने बताया कि बैठक होगी। उनका प्रयास है कि वंश गोपाल तीर्थ के आसपास पर्याप्त जगह ऐसी मिले, जिससे भविष्य में भक्तों की कितनी भी भीड़ आए, कोई असुविधा न हो। इसे लेकर मुख्य चर्चा होगी। संवाद