संभल। एटीएस की यूनिट का कार्यालय हल्लू सराय में कब्रिस्तान से कब्जा मुक्त कराई भूमि में बनेगा। जबकि असमोली सीओ का कार्यालय हिंदूपुरा खेड़ा में शारिक साटा की जब्त भूमि में बनाया जाएगा। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया को पत्र भेजकर दोनों कार्यालय के लिए चिह्नित भूमि आवंटित किए जाने की मांग की है।राजस्व विभाग की ओर से जमीन आवंटित किए जाते ही दोनों कार्यालय बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। एसपी ने बताया कि दोनाें कार्यालय बनाने के लिए भूमि आवंटित की जानी है। इसके लिए डीएम को पत्राचार किया गया है।
संभल में एटीएस की यूनिट स्थापित करने का निर्देश शासन से जारी किया गया है। अस्थायी तौर पर यह यूनिट जामा मस्जिद के नजदीक सत्यव्रत पुलिस चौकी में संचालित किए जाने का निर्णय है। स्थायी कार्यालय हल्लू सराय में कब्रिस्तान से कब्जा मुक्त कराई गई भूमि पर बनेगा। यह भूमि राजस्व विभाग ने कब्जा मुक्त कराई है। इस भूमि का आवंटन पुलिस विभाग को किया जाना है। वहीं, दूसरी ओर असमोली सीओ कार्यालय 24 नवंबर को हुए बवाल के मुख्य साजिशकर्ता शारिक साटा की हिंदुपुरा खेड़ा इलाके में जब्त की गई भूमि पर बनाने का निर्णय हुआ है। इस जमीन का आवंटन भी पुलिस विभाग को किया जाना है। इसके बाद ही कार्यालय का निर्माण शुरू होगा।
शारिक साटा की जब्त जमीन को सीओ कार्यालय और कब्रिस्तान से मुक्त कराई गई जमीन को एटीएस यूनिट के लिए आवंटित करने के लिए एसपी ने डीएम को पत्र लिखा है। इस आवंटित प्रक्रिया के पूरे होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे।
00000
असमोली सीओ कार्यालय संभल शहर में बनने और एटीएस यूनिट कार्यालय के बनने से सुरक्षा मजबूत होगी। शहर अतिसंवेदनशील श्रेणी में शामिल है। इसको देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
-कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल