संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर सराय निवासी अजय (20) की मौत मामले में जाम लगाने पर परिजनों समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें तीन महिला समेत 14 नामजद व 50 अज्ञात को आरोपी बनाया है। रिपोर्ट हयातनगर थाने में तैनात दरोगा सुभाषचंद्र ने दर्ज कराई है।
तहरीर में दरोगा ने बताया कि अजय ने फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। इसकी लिखित सूचना मृतक के भाई संजीव कुमार ने दी थी। कहा था कि वह शव का पोस्टमार्टम कराना चाहता है। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव गांव लाया गया तो परिजन व अन्य लोगों ने संभल-गवां मार्ग पर शव रखकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया और जाम लगा दिया।
इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतक के भाई गांव कमालपुर सराय शाहपुरी निवासी संजीव कुमार, दानवीर, सुखवीर, संजू, बहन उपासना, रिश्तेदार राजेंद्र, प्रदीप, मृतक की मौसी, मौसा, मौसेरी बहन, मौसेरे जीजा, मामा व 50 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे ग्रामीण
अजय की मौत के बाद भड़के परिजन व ग्रामीणों ने गांव के ही दूसरे लोगों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया था। साथ ही मांग की थी कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए। मौके पर एएसपी कुलदीप सिंह, सीओ आलोक कुमार व चार थानों की फोर्स पहुंची थी। बाद में आरआरएफ और पीएसी के जवान भी बुलाने पड़े थे। परिजन पुलिस के आश्वासन के बाद जाम खोलने के लिए तैयार हुए थे। करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा था। मालूम हो अजय का शव घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ था। प्रेम प्रसंग में हुई रंजिश में हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस की जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है।