संभल। जिले में कोरोना संक्रमित मरीज लगातार मिल रहे हैं। बुधवार को 52 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। अब संख्या 422 हो गई है।
लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है। संक्रमितों में सिरसी नगर पंचायत के ईओ व नखासा थाना इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। इनके अलावा संभल के निजी स्कूल में नौ संक्रमित मरीज मिले हैं। जिला अस्पताल के एक चिकित्सक समेत तीन कर्मचारियों में संक्रमण पाया गया है। नखासा थाने में छह पुलिसकर्मी संक्रमित मिले हैं। संभल कोतवाली में एक कर्मचारी संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा अलग-अलग इलाके के लोग संक्रमित मिले हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोग लापरवाही बरत रहे हैं। इससे ही संक्रमण का प्रसार हो रहा है। जागरूकता ही इस संक्रमण को फैलने से रोक सकती है। बताया कि अब तक जो संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इनमें ज्यादातर ऐसे हैं जिनमें कोई लक्षण नहीं है। कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पालन करने से बचाव संभव है।