संभल। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। तीन चिकित्सा कर्मी समेत 43 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। यह मरीज पहली जनवरी से मिलना शुरू हुए हैं। दो सप्ताह के भीतर ही संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 553 हो गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी हुई है और आम लोगों के लिए भी खतरा बढ़ रहा है। लापरवाही करने पर लोग ज्यादा तेजी से संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।
शुक्रवार को सामने आए मरीजों में पुलिस कर्मी, बिजली विभाग के जेई, जिला अस्पताल के तीन चिकित्सा कर्मी व अन्य लोग शामिल हैं। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी हुई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. मनोज चौधरी ने बताया कि अब मरीज डिस्चार्ज भी होने लगे हैं। सात दिन की अवधि पूरी करने वाले मरीज डिस्चार्ज किए जा रहे हैं। जांच भी तेजी से कराई जा रही है। जिससे संक्रमण न फैल सके।