संभल। सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। इसमें अब सरायतरीन का मोहल्ला भूड़ा प्रकाश में आया है। जहां सरकारी तालाब के नाम से दर्ज पांच बीघा जमीन पर 40 मकानाें का निर्माण मिला है। नायब तहसीलदार दीपक जुरैल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जमीन की पैमाइश की है और मौखिक रूप से मकान स्वामियों को खाली करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सिरसी में नायब तहसीलदार बबलू के नेतृत्व में टीम पहुंची और ग्राम समाज व खाद के गड्ढों में बने आठ मकानों को खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि आरक्षित जमीन पर सिरसी में मकानाें का निर्माण कर लिया गया है। न्यायालय से खाली करने का आदेश हो चुका है। अब कब्जाधारकाें को नोटिस देकर खाली करने के लिए के निर्देश दिए हैं। बताया कि सरायतरीन में अभी जमीन चिन्हित की गई है। पांच बीघा जमीन पर 40 मकानों का निर्माण है। आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
प्रशासन को सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा में सरकारी तालाब की जमीन पर अवैध मकानों के निर्माण की शिकायत मिली थी। इसकी जांच बुधवार को कराई गई तो शिकायत सही पाई गई। इसी क्रम में अब जमीन की पैमाइश कर ली गई है। सभी 40 मकान सरकारी जमीन पर निर्माण पाए गए हैं। तहसीलदार का कहना है कि नोटिस देकर खाली कराए जाएंगे। यदि खाली नहीं किए जाएंगे तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।
वहीं, दूसरी ओर सिरसी में भी अवैध मकान निर्माण का मामला तहसीलदार के न्यायालय में चल रहा था। इसमें न्यायालय ने तथ्यों के आधार पर मकानों का निर्माण अवैध माना और इसी क्रम में अब खाली कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से सरायतरीन और सिरसी के 48 परिवारों में खलबली मची हुई है।
सिरसी के मोहल्ला शर्की में कर्बला रोड पर खाद के गड्ढों और ग्राम समाज की भूमि को कब्जा कर मकानों का निर्माण किया गया है। खाली कराने का नोटिस दिया है। सरायतरीन में भी पैमाइश कराई गई है। आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।
-धीरेंद्र सिंह, तहसीलदार, संभल