चंदौसी। प्रदेश सरकार ने प्रदेश के नलकूप किसानों के बिजली के बिल आधे किए जाने का फैसला लिया था। जनवरी 2022 से सरकार ने योजना को लागू भी कर दिया। अब फरवरी में किसानों को योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है। जिले में 21700 नलकूप किसानों को योजना का लाभ मिलना है। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए अब बिजली बिल हिंदी में मिल रहे हैं।
जिले में करीब 21,700 नलकूप कनेक्शन धारक किसान हैं। अधिकांश किसानों की कनेक्शन क्षमता 7.5 होर्स पावर अथवा दस होर्स पावर है। इनका अनमीटर्ड बिल किसानों को करीब 1500-1600 रुपये प्रति माह और दस एचसी कनेक्शन का बिल करीब 2000 रुपये प्रति माह देना पड़ता है। प्रदेश सरकार ने किसानों के नलकूप के बिल आधे करने के आदेश दिए थे। जनवरी 2022 से यह योजना लागू कर दी गई है। किसानों का जितना बिल बनता है, उसका आधा यानी 50 प्रतिशत अनुदान अब सरकार की ओर से दिया था। 7.5 एचपी कनेक्शन वाले किसानों को करीब 750-800 रुपये प्रति माह और दस एचपी कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को करीब एक हजार रुपये प्रतिमाह बिल देना होगा। यह बिल फरवरी माह से जारी होंगे।
उपभोक्ताओं को हिंदी में मिलेंगे बिल
अब उपभोक्ताओं को हिंदी में बिल जारी किए जाएंगे। दो पेज के बिल पर बिंदुवार सभी जानकारी होगी। हिंदी के साथ अंग्रेजी के शब्द भी होंगे। जिससे तकनीकि शब्द भी आसानी से समझे जा सके। फरवरी महीने से किसानों को हिंदी के बिल जारी किए जाएंगे।
किसानों को हाफ योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है। किसानों को बिल जारी होने लगे हैं। पहली बार उपभोक्ताओं को हिंदी में बिल मिल रहे हैं। ताकि बिल किस मद में कितना बिल भुगतान किया जा रहा है, उपभोक्ता इस बात को समझ सके।
अनिल कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता, संभल