बहजोई। विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से गुरुवार को भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों समेत 21 ने पर्चे दाखिल किए। इस बीच पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में विधानसभा क्षेत्र-33 संभल के लिए 6 प्रत्याशियों की ओर से निर्वाचन अधिकारी कक्ष में आरओ/उप जिलाधिकारी रमेश बाबू के समक्ष पर्चा दाखिल किया गया। इनमें बसपा के प्रत्याशी शकील अहमद की ओर से दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इनके प्रस्तावक मुर्शिद अहमद रहे। वहीं भाजपा के प्रत्याशी राजेश सिंघल की ओर से दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इनमें एक सेट में इनके प्रस्तावक डा. अरविंद व दूसरे सेट में राज बहादुर सैनी रहे। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में अजय कुमार, कपिल सिंघल, सबूर हुसैन तथा अंशुल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र-32 असमोली के लिए 5 प्रत्याशियों की ओर से निर्वाचन अधिकारी/डिप्टी कलक्टर विनय कुमार मिश्रा के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इनमें बसपा के प्रत्याशी रफातुल्ला की ओर से तीन सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में पवन कुमार, नवकेश, अंजू तथा जाकिर हुसैन ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
वहीं विधानसभा क्षेत्र-31 चंदौसी के लिए 6 प्रत्याशियों की ओर से निर्वाचन अधिकारी कक्ष में आरओ/उप जिलाधिकारी चंदौसी राजपाल सिंह के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इनमें बसपा के प्रत्याशी रण विजय सिंह ने दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें एक सेट में इनके प्रस्तावक कपिल कुमार व दूसरे सेट में राहुल कुमार रहे। वहीं कांग्रेस की प्रत्याशी मिथलेश कुमारी ने दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इनके प्रस्तावक ब्रह्मजीत सिंह रहे। इसके अलावा सपा की प्रत्याशी विमलेश कुमारी ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया। इनके प्रस्तावक उसमान रहे। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों में विजयपाल, तेजपाल, नीरज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
विधानसभा क्षेत्र-111 गुन्नौर के लिए 4 प्रत्याशियों की ओर से आरओ कक्ष निर्वाचन अधिकारी/उप जिलाधिकारी रामकेश सिंह धामा के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें भाजपा के प्रत्याशी अजीत कुमार राजू की ओर से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इनके प्रस्तावक दीपक कुमार रहे। इसके अलावा बसपा के प्रत्याशी फिरोज ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इनके प्रस्तावक आरिफ अली रहे।
वहीं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी विजय कुमार ने तथा आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी अनिल कुमार की ओर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इस बीच कलक्ट्रेट परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मुख्य द्वार समेत दूसरे द्वारों पर भी पुलिस की तैनाती रही। सीओ बहजोई गोपाल सिंह मय पुलिस टीम के तैनात रहे।