संभल। मेंथा दाना से भरी टाटा 407 पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ी है। कर चोरी के अंदेशे में वाणिज्य कर विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने दस्तावेज की जांच की। साथ ही मुरादाबाद के वाणिज्य कर कार्यालय को अवगत कराया। मुरादाबाद से पहुंची टीम गाड़ी को अपने साथ ले गई है। जहां दस्तावेज की जांच पड़ताल की जा रही है।
मंगलवार की रात करीब 12 बजे संभल कोतवाली पुलिस को किसी संदिग्ध वाहन के आने की सूचना मिली थी। मंडी किशनदास सराय में संभल-चंदौसी रोड पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान चंदौसी की ओर से टाटा 407 गाड़ी आती दिखाई दी। जांच की तो उसमें मेंथा दाने के 30 बेग बरामद मिले। पुलिस ने कर चोरी के अंदेशे में संभल वाणिज्य कर विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच पड़ताल की तो 15 क्विंटल मेंथा दाना बरामद हुआ। टीम ने दस्तावेज की जांच की जो संदिग्ध लगे। इसी दौरान मुरादाबाद से वाणिज्यकर विभाग की एसआईबी टीम पहुंच गई। गाड़ी और दस्तावेज मुरादाबाद लेकर चली गई। गाड़ी के चालक और परिचालक ने बताया कि वह तो ट्रांसपोर्टर के माध्यम से माल लेकर आ रहे हैं। चंदौसी से माल भरा था और संभल पहुंचाने के लिए कहा था। यह माल किस व्यापारी का है। इसकी जानकारी नहीं है।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान मेंथा दाना पकड़ा था। मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे गए थे। इस मामले की उच्च अधिकारी जांच कर रहे हैं।
योगेंद्र सिंह, वाणिज्य कर अधिकारी, संभल
संदिग्ध वाहन की सूचना पर पुलिस चेकिंग कर रही थी।। इसी दौरान एक मेंथा दाने से भरी टाटा 407 पकड़ी थी। जिसकी सूचना वाणिज्य कर विभाग को दे दी गई थी।
पंकज लावानिया, कोतवाल, संभल