संभल। पवांसा सब डिवीजन क्षेत्र के तीन बिजलीघरों से जुड़ी विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था तेज आंधी के बाद से बाधित है। अभी भी 13 गांव में पिछले पांच दिन से बिजली की सप्लाई बाधित है। इससे किसानों की मक्का और मेंथा की फसलें सूख रही हैं। ग्रामीण भी भीषण गर्मी और मच्छरों की समस्या झेल रहे हैं।
शासन का निर्देश है कि 24 घंटे में ग्रामीण क्षेत्र को 18 घंटे बिजली सप्लाई मिलनी चाहिए। लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारी 18 घंटे बिजली सप्लाई ग्रामीण क्षेत्र को दिलवाने में नाकाम हैं। बिजली सप्लाई नहीं आने से किसानों की फसलें सूख रही हैं। जबकि गांव में बिजली सप्लाई नहीं आने से दिन में ग्रामीण भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं और रात में मच्छरों से परेशान हैं। लगातार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद भी विद्युत विभाग के अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर पा रहे हैं। जबकि किसानों का दावा है कि विद्युत विभाग के द्वारा 24 घंटे में मात्र 7-8 घंटे ही बिजली सप्लाई की जा रही है। विद्युत विभाग के द्वारा ओवरलोडिंग ट्रिपिंग, रोस्टिंग, ब्रेकडाउन, बिजली कटौती और शटडाउन की समस्या का समाधान विद्युत विभाग के अधिकारी नहीं कर पा रहे हैं। कैला देवी बिजली घर के अवर अभियंता शिवम वार्ष्णेय ने बताया कि सोमवार को ही आंधी में 48 विद्युत पोल टूट गए थे। बिजली घर में 8 पोल थे, जिन्हें लगवा कर बिजली सप्लाई शुरू कराई। विभाग की ओर से 25 विद्युत पोल आए हैं। जबकि 15 विद्युत पोल की अभी भी कमी रहेगी।
-------------
कैलीदेवी बिजलीघर क्षेत्र के इन शकरपुर, तारनपुर, लखनपुर, रोड़ादीप, इकना सलेमपुर मुनैरा और किरारी बिजलीघर क्षेत्र के गांव चंदनकटी चूहा, बरखेड़ा सोनक, हसनपुर, श्यौराजपुर की मढैया, चंदनकटी मौजा, पागन श्यौराजपुर में विद्युत की आपूर्ति बाधित है।
------------
कोट
पिछले पांच दिन से बिजली व्यवस्था खराब हैं। फसलें सूख रही हैं। अगर बिजली सप्लाई के कारण फसलें बर्बाद होती हैं, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। क्या किसानों की आय ऐसे ही दोगुनी होगी।
सुरेंद्र यादव, किसान, चाटन।
--------
कोट
पिछले पांच दिन से बिजली सप्लाई नहीं आ रही है। भीषण गर्मी से बेहद ही परेशान हैं। छोटे-छोटे बच्चों का तो बुरा हाल है। कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। तमाम विद्युत पोल टूटे पड़े हुए हैं।
विजयपाल यादव, शकरपुर तारनपुर।
-------
कोट
विद्युत विभाग की बिजली व्यवस्था फिर से खराब हो चुकी है। किसानों की फसलें सूख रही है। ग्रामीण भीषण गर्मी और मच्छरों से परेशान हैं। 24 घंटे में मात्र 5 घंटे ही बिजली सप्लाई मिल पा रही है। विद्युत विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
चौधरी हेम सिंह, किसान रसूलपुर धतरा।
---------
कोट
किरारी और कैलादेवी बिजलीघर क्षेत्र में आंधी से टूटे हुए बिजली पोल की व्यवस्था शुक्रवार की शाम तक कर दी गई है। शनिवार की शाम तक बिजली की भी व्यवस्था हो जाएगी। बिजली कटौती की समस्या हो रही है। इस समस्या का समाधान जल्दी किया जाएगा।
अनिल कुमार, एसडीओ सब डिवीजन पवांसा।