सहारनपुर। जिला पंचायत में अभियंता मुकेश कुमार के साथ कथित अभद्रता और सरकारी कार्यों में दबाव बनाने के मामले की जांच 20 दिन बाद भी आगे नहीं बढ़ सकी है। डीएम की ओर से एडीएम और एसपी सिटी को जांच सौंपे जाने के बावजूद मामला कमेटी के गठन तक ही सिमटकर रह गया। अब तक न तो जांच की प्रगति सामने आई है और न ही आरोपों के संबंध में कोई ठोस कार्रवाई हुई है।
बता दें, कि 24 अक्तूबर को जिला पंचायत में प्रशासक मांगेराम चौधरी की मौजूदगी में हुई बैठक के दौरान उनके भाई और पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र चौधरी पर अभियंता मुकेश कुमार के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने के आरोप लगे थे। आरोप है कि विजेंद्र चौधरी ने अभियंता पर बिल तैयार कराने का दबाव बनाया और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। अभियंता ने मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर प्रतिदिन जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज में हस्तक्षेप करते हैं और नियम विरुद्ध कार्य कराने के लिए दबाव बनाया जाता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने एडीएम और एसपी सिटी को जांच सौंपी थी, लेकिन 20 दिन बीतने के बाद भी जांच केवल कमेटी तक सिमटी हुई है।