सहारनपुर। महानगर के 77 हजार टैक्स बकायेदारों ने ओटीएस (एकमुश्त समाधान योजना) के लिए अभी तक आवेदन नहीं किया है। ऐसे लोगों के पास आवेदन करने का आज अंतिम दिन है। ऐसा नहीं करने पर नगर निगम उनके भवनों को कुर्क करने या फिर सील करने की कार्रवाई करेगा। इसकी तैयारी भी पूरी कर ली गई है।
दरअसल, बड़ी संख्या में लोग गृहकर एवं जलकर जमा नहीं करा रहे हैं। करीब 80 हजार संपत्तियां ऐसी हैं, जिन पर बकाया टैक्स पर अच्छा खासा ब्याज लगा है। प्रदेशभर के निकायों में ऐसी स्थिति है।
ऐसे बकायेदारों से टैक्स की वसूली करने और बकायेदारों के टैक्स का ब्याज खत्म करने के लिए सरकार ओटीएस लाई है। नगर निगम सहारनपुर परिक्षेत्र में कुल करीब 2.13 लाख संपत्तियों में से करीब 80 हजार संपत्तियां ऐसी हैं, जिनके टैक्स पर ब्याज लगा है। ऐसे लोगों ने नगर निगम लगातार ओटीएस योजना का लाभ उठाने की अपील करता रहा है। 14 नवंबर आवेदन करने की अंतिम तिथि है। लेकिन अभी तक 3,595 बकायेदारों ने ही आवेदन किया है।
इनमें से 173 बकायेदारों का आवेदन खामियों के चलते निरस्त किया गया है। केवल 2919 लोगों के आवेदन सही पाए गए हैं। इन लोगों ने 3.4 करोड़ रुपये से अधिक का ब्याजमुक्त टैक्स जमा कराते हुए योजना का लाभ उठाया है। यानी अभी 77 हजार से अधिक बकायेदार ऐसे हैं, जिन्होंने आवेदन नहीं किया है।
यदि वह लोग 14 नवंबर तक आवेदन नहीं करते हैं तो नगर निगम उनको नोटिस जारी कर एक निर्धारित समय में टैक्स जमा कराने को कहेगा। यदि वह टैक्स जमा नहीं कराते हैं तो नगर निगम कुर्की या सील की कार्रवाई करेगा।
n इन्हें एक महीने की राहत : जो लोग 14 नवंबर तक ओटीएस के लिए आवेदन करेंगे। उनके पास 14 दिसंबर तक टैक्स जमा कराने का समय रहेगा। यानी 14 दिसंबर तक नगर निगम उन पर कोई कार्रवाई नहीं करेगा। यदि वह 14 दिसंबर तक टैक्स जमा नहीं कराते हैं तो उन पर भी कार्रवाई होगी।