सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र के धोबी घाट स्थित श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार देर शाम एक युवक हाथ में कृपाण लेकर मंदिर परिसर में घुस गया। युवक को कृपाण लहराते देख वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए और उन्होंने साहस दिखाते हुए युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद मंडी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस फिलहाल युवक से पूछताछ कर रही है और उसके मंदिर में कृपाण लेकर घुसने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। सीओ अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।