गांव ढिक्का में 19 नवंबर को घर की छत पर राज मिस्त्री का काम करते झुलसा था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
सरसावा।
एक पखवाड़े पहले 11 हजार वोल्ट क्षमता की लाइन में करंट से झुलसे युवक ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। परिजनों ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
नकुड़ तहसील राजस्व क्षेत्र के यमुना नदी पार हरियाणा राज्य में स्थित गांव ढिक्का निवासी मृतक के भाई बाबूराम ने बताया 19 नवंबर को उसका भाई सुमित (26) अपने घर की छत पर राज मिस्त्री का काम कर रहा था। अचानक नीचे लटकते 11 हजार वोल्ट क्षमता के बिजली के तारों की चपेट में आ गया और उसके दोनों हाथ झुलस गए। उसे यमुनानगर में चिकित्सक को दिखाने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। वहां ज्यादा झुलसने के कारण उसके भाई की दोनों बाजू काट दी गई, परंतु उसके भाई के स्वास्थ्य में सुधार नहीं आया और मंगलवार शाम उसके भाई ने दम तोड़ दिया।
बाबूराम ने बताया कि उनके गांव में 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार बस्ती के बीच नीचे लटक रहे हैं, इसकी शिकायत सरसावा बिजलीघर तथा अवर अभियंता को कई बार कर चुके हैं, परंतु विद्युत निगम की लापरवाही के चलते तार नहीं कसे गए और उसका भाई विद्युत निगम की लापरवाही के चलते असमय मौत का शिकार हो गया।
ढिक्का गांव के प्रधान वीरभान, विरेंद्र कुमार, विजय कुमार, मुंशीराम, धीरज, राकेश आदि ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिवार को मुआवजा देने तथा लापरवाह विद्युत कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पीड़ित परिवार ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिलता तो वे मुख्यमंत्री योगी से मिलकर घटना की शिकायत करेंगे।