सहारनपुर, रामपुर मनिहारान। रामपुर मनिहारान-बड़गांव मार्ग पर बाइकों की टक़्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने टक्कर मारने वाले बाइक सवार की गिरफ्तारी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझा बुझा कर शव को कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया।
रविवार की देर शाम गांव कुराली निवासी पवन (35) पुत्र जगदीश किसी कार्य से बाइक से रामपुर मनिहारान आ रहा था। जैसे ही वह गांव हरड़ेकी के पास पहुंचा तो उसकी दूसरे बाइक सवार से टक्कर हो गई। इसमें पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पुलिस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मौके से फरार हुए बाइक सवार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और किसी तरह समझाबुझा कर ग्रामीणों को शांत किया।