सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र में गांव हलालपुर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी और फरार हो गए। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव मंशापुर निवासी सूरत सिंह (34) पुत्र बलीराम बृहस्पतिवार की देर रात शहर से बाइक पर गांव लौट रहा था। पुलिस के मुताबिक चिलकाना रोड पर गांव हलालपुर के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सूरत सिंह घायल हो गया। आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीर सूरत सिंह को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने सूरत सिंह को मृत घोषित कर दिया। पता लगने पर सूरत का भाई अनिल व अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस आरोपी चालक व वाहन का पता लगाने में जुटी है।