नकुड़। मोहल्ला सुजादपुरा निवासी अंकित (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह रविवार सुबह अपने बिस्तर पर मृत मिला। इससे परिवार की दिवाली की खुशियां गम में बदल गई। परिवार में पत्नी, एक छोटी बेटी और दो माह का बेटा है। युवक के माता और पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
पूर्व सभासद महेश कुमार ने बताया कि अंकित शनिवार रात दिवाली के अवसर पर घर में सजावट आदि करके सोया था। सुबह करीब पांच बजे वह चारपाई पर बेसुध हालत में मिला। उसकी पत्नी ने उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं उठ सका। इसके बाद अंकित को एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया जिसने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकित के माता पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उसकी बहनों की शादी हो चुकी है। उस पर ही परिवार की आजीविका चलाने की जिम्मेदारी थी। अंकित मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था। अचानक हुई मौत से उसके परिवार में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।