देवबंद(सहारनपुर)। जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि धर्म के नाम पर नफरत फैलाकर राजनीति करने वालों को अमेरिका और इस्राइल के चुनावी नतीजों से सबक लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को हमेशा भय, पक्षपात और नफरत के सहारे गुमराह नहीं किया जा सकता।
रविवार को जारी बयान में मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के नकारात्मक प्रचार के बावजूद अब्दुल रहमान अल-सैयद की ऐतिहासिक कामयाबी ने साबित किया है कि नफरत पर इंसानियत और इंसाफ की जीत हो सकती है। उन्होंने कहा कि फिलिस्तीन के गाजा में मासूम बच्चों, महिलाओं और निहत्थे नागरिकों का नरसंहार, बस्तियों की तबाही, भूख और बेघर होने के हालात ने पूरी दुनिया के इंसाफ पसंद लोगों के जमीर को झकझोर दिया है। मौलाना मदनी ने कहा कि गाजा में हो रहे अत्याचारों के खिलाफ दुनिया भर में उठी आवाज और जनआंदोलनों ने साबित किया है कि जुल्म कितना भी ताकतवर क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है। हालिया चुनावी नतीजों में भी गाजा पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ जनता की नाराजगी का संदेश छिपा है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में जो ताकतें धर्म को सत्ता का हथियार बनाकर नफरत और विभाजन की राजनीति करती हैं, उन्हें इन नतीजों से सबक लेना चाहिए। अत्याचार और दमन के सहारे सत्ता हमेशा कायम नहीं रहती। कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन इंसाफ, इंसानियत और सच्चाई की आवाज को कभी दबाया नहीं जा सकता।