रामपुर मनिहारान/सहारनपुर। योग साधना के क्षेत्र में प्रणय शर्मा ने राष्ट्रीय फलक पर चमक बिखेरी है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर माई लाइफ माई योगा के नाम से योग ब्लागिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर प्रणय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 35,141 लोगों ने हिस्सा लिया था, जिनमें 18 वर्ष से कम आयु वालों में प्रणय शर्मा विजेता बने।
इसका परिणाम बुधवार को आयुष मंत्रालय की तरफ से घोषित किया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश के युवाओं से योग साधना की वीडियो बनाकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया गया था। प्रणय शर्मा ने भी वीडियो बनाकर भेजी, जिसमें वह विभिन्न प्रकार के योग बेहद कुशल साधक के रूप में करता दिखा। प्रणय शर्मा के पिता विजय शर्मा राजस्व विभाग में अमीन हैं। वह मूलरूप से गांव अनंतमऊ के रहने वाले हैं, जबकि वर्तमान में रामपुर मनिहारान की शिवपुरी कालोनी में रहते हैं।
-- मोक्षायतन केंद्र में किया अभ्यास
प्रणय शर्मा ने बताया कि वह करीब चार साल से योगाभ्यास कर रहे हैं। प्रणय ने इस कामयाबी का श्रेय मोक्षायतन योग संस्थान की रामपुर मनिहारान शाखा निदेशक शशिकांत शर्मा, आचार्य नवनीश व ऋचा शर्मा को दिया है।
रामपुर मनिहारान स्थित बिलक्लिंटन स्कूल से इसी साल 12 वीं उत्तीण करने वाले प्रणय ने बताया कि वह प्रतिदिन दो घंटे योगाभ्यास करते थे।
-- रंग लाई प्रणय की साधना : पद्मश्री भारत भूषण
मोक्षायतन योग संस्थान के संस्थापक पदमश्री भारत भूषण का कहना है कि प्रणय शर्मा का कठिन परिश्रम और साधना रंग लाई। ऐसे तमाम युवा हैं, जिनमें प्रतिभा हैं, लेकिन उचित प्लेटफार्म का अभाव रहता है। उनका विश्वास है कि ग्रामीण जलवायु व जीवन शैली अच्छे योग साधक दे सकती है। हमें प्रसन्नता है कि मोक्षायतन के साथ जुड़े प्रणय ने यह कामयाबी पाई है। शाखा निदेशक शशिकांत शर्मा और नवनीश शर्मा ने भी प्रसन्नता जताई है।
मोक्षायतन के प्रणय शर्मा- फोटो : SAHARANPUR