सहारनपुर। पंत विहार स्थित श्री लक्ष्मी नारायण भगवान परशुराम मंदिर में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव सादगीपूर्ण मनाया गया। हवन यज्ञ कर कोरोना महामारी से मुक्ति को प्रार्थना की गई। यज्ञ कुंड का भ्रमण कराया गया और मास्क, सैनिटाइजर, दवाई एवं राशन का भी वितरण किया।
मंदिर अधिष्ठाता पंडित अशोक कुमार शांडिल्य के सानिध्य में प्रात:काल यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान कोरोना महामारी से मुक्ति की प्रार्थना कर हवन में पुर्णाहुति दी गई। पंडित अशोक कुमार शांडिल्य ने कहा कि कोरोना महामारी के शीघ्र हरण करने की कामना की गई। पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि सभी लोग इस महामारी से मुक्ति को ईश्वर से प्रार्थना करें। क्योंकि मौजूदा समय अत्यधिक संकट भरा है और हर कोई अपने प्राणों की रक्षा के लिए चिंतित है, ऐसे में प्रभु ही हमें इस संकट से उबार सकते है। इस दौरान सुखपाल सैनी, चौ. रणबीर सिंह, ठाकुर सोमपाल, चौधरी विरेंद्र तोमर, विनोद स्वामी, रामकुमार आदि ठाकुर, गौरव, ग्रवित, विशेष कुमार, विपुल सैनी, विवेक सैनी, वैभव, वीना शर्मा, गायत्री शर्मा, अंशी, राकेश, सरोज ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आरती की।