सहारनपुर। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को भी श्रद्धालुओं ने शिवालयों में पहुंचकर जलाभिषेक किया। शिवालयों और मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजे। इसके साथ ही सामाजिक दूरी का पालन किया और श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग भी हुई।
श्रावण मास के दूसरे सोमवार को शिवालयों में सुबह से ही लोग पहुंचने शुरू हो गए। सामाजिक दूरी का पालन कर भगवान आशुतोष को जल चढ़ाया। इसके साथ ही सुबह के समय प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस तैनात रही। मंदिरों जाने से पूर्व श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग हुई और सैनिटाइजर से हाथ भी धुलवाए गए। सिद्धपीठ श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर श्रद्धालुओं ने छह फिट की दूरी से पाइप के जरिए जल चढ़ाया। इसी तरह श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर में भी सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए भगवान शंकर का जलाभिषेक किया गया। इसके अलावा श्री हरि मंदिर, श्री तहसील शिव मंदिर, श्री नारायणपुरी मंदिर, बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम में भी सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही श्रद्धालुओं को अंदर जाने दिया गया। इनके अलावा श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, श्री नारायणपुरी मंदिर, श्री हनुमान मंदिर में भी जलाभिषेक हुआ और बाबा भोलेनाथ के जयकारे गूंजे।
1008 दीपक से किया शृंगार
सहारनपुर। राधा-विहार स्थित औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव का 1008 दीपक से शृंगार किया गया। श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में आयोजित श्रावण मास के दौरान द्वितीय सोमवार को औघड़दानी महादेव का पंचामृत से महास्नान स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने किया। इसके साथ ही रूद्रपाठ एवं शिव महिमा स्त्रोत से महारूद्राभिषेक किया गया। तत्पश्चात भोले बाबा को महाभस्म अर्पण कर अबीर गुलाल एवं चंदन से शृंगार किया गया और 1008 दीपक जलाए गए। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि दीपक शृंगार मूलत: आत्म चेतना को श्रृंगारित कर शिव को अर्पण करने का प्रकाशमय भाव है। सर्वप्रथम श्री हरि विष्णु ने श्री शिव को जागृत करने हेतु किया था। इस दौरान राजेंद्र धीमान, नरेश चंदेल, अंकित, प्रभात वत्स, वर्षा, वीना, सुचेता, उमा, गीता मौजूद रहे।
एसएसपी ने देखी सुरक्षा व्यवस्था
सहारनपुर। दूसरे सोमवार पर एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने शिवालयों और मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था देखी। एसएसपी ने सिद्घपीठ श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर गए और वहां पर सुरक्षा को लेकर संबंधित पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही एसएसपी ने अन्य मंदिरों का भी निरीक्षण किया।
यूएसए से आई महिला ने भी किए दर्शन
सहारनपुर। मोहल्ला एवन कॉलोनी निवासी मीनाक्षी यूएसए में रहती हैं। वहां पर एक स्कूल में कार्यरत हैं। 19 मार्च को उन्हें वापस जाना था, लेकिन 22 मार्च से लॉकडाउन लग गया। इसके बाद हवाई यात्रा भी रद्द कर दी, इस कारण वह यूएसए नहीं जा पाई। मीनाक्षी का कहना है कि उनका प्रयास रहता है कि हर सोमवार को बाबा श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में आकर भगवान के दर्शन करे। प्रभु से प्रार्थना है कि कोरोना महामारी से पूरी दुनिया को निजात दिलाएं।
भूतेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक करते श्रद्घालु- फोटो : SAHARANPUR
भूतेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक श्रद्घालुओ का थार्मेल स्क्रीनिंग करते सेवादार- फोटो : SAHARANPUR
राधा विहार स्थित नामेश्वर महादेव मन्दिर में सावन के दुसरे सोमवार पर शिवलिंग पूजन करते श्रद्घालु- फोटो : SAHARANPUR
बागेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक के लिये सोशल डिस्टेंश लाइन में लगे श्रद्घालु- फोटो : SAHARANPUR
बागेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक करते श्रद्घालु- फोटो : SAHARANPUR